लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 11 विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनाव में बसपा का खाता नहीं खुला है। इससे नाराज बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा पर षडयंत्र करने का आरोप लगाया है। कहा कि, भाजपा ने बसपा को एक भी सीट नहीं जीतने देने के लिए षडयंत्र कर सपा को कुछ सीटें जिता दी। इस षडयंत्र को फेल किया जाएगा।
हालांकि, बसपा प्रमुख मायावती ने हरियाणा विधानसभा आम चुनाव में पार्टी की परफॉर्मेंस पर खुशी जताई है। गुरुवार रात माया ने टि्वट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मायावती ने कहा कि, उत्तर प्रदेश विधानसभा आम चुनाव से पहले बसपा के लोगों का मनोबल गिराने के षडयंत्र के तहत भाजपा द्वारा इस उपचुनाव में सपा की कुछ सीटें जिताने व बसपा को एक भी सीट नहीं जीतने देने को पार्टी के लोग अच्छी तरह से समझ रहे हैं। वे इनके इस षडयंत्र को फेल करने के लिए पूरे जी-जान से जरूर जुटेंगे।
कहा कि, हरियाणा की जनता भी भाजपा सरकार के कुशासन से काफी दुखी व त्रस्त थी और इनसे मुक्ति चाहती थी। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अपने स्वार्थ के लिए जनता में वोटों के बंटने के भय को खूब प्रचारित किया। इससे बसपा के समर्पित वोटर तो कतई नहीं डिगे, परन्तु अन्य वोटर जरूर भ्रमित हो गए।
मायावती ने हरियाणा विधान सभा चुनाव के आए नतीजे पर टिप्पणी की है। कहा कि, बसपा इस बार हरियाणा विधानसभा आमचुनाव में सीट जीतने में सफल नहीं हो सकी, हालांकि बसपा को पिछली बार से ज्यादा वोट मिले हैं।
यह रहा परिणाम
प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह आठ बजे से चल रही मतगणना समाप्त हो गई है। सभी 11 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इसमें 7 सीटों पर भाजपा, 3 सीटों पर सपा और 1 सीट पर अपना दल के उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। उप्र में 21 अक्टूबर को उप चुनाव के लिए वोट डाले गए थे। उप चुनाव में कुल 109 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमायी थी।
इन सीटों पर भाजपा-सपा ने जमाया कब्जा
गंगोह, लखनऊ कैंट, इगलास, गोविंदनगर, मानिकपुर, घोषी और बलहा सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की है। जैदपुर, जलालपुर और रामपुर सीट पर सपा ने कब्जा जमाया है। प्रतापगढ़ सीट भाजपा के सहयोगी अपना दल के खाते में गई है।